राकेश भारती प्रधान संपादक CG आज की आवाज न्यूज कुसमी /बलरामपुर ।
किसानों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने उठाई आवाज, धान का समर्थन मूल्य ₹3350 करने की मांग।
आम आदमी पार्टी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं, पटवारियों की हड़ताल एवं बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन को कुसमी अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए छत्तीसगढ़ सरकार से किसानों का धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर ₹3350 रुपए प्रति क्विंटल करने तथा पिछले वर्ष की बकाया बोनस राशि ₹150 प्रति क्विंटल के हिसाब से तत्काल भुगतान करने की मांग की गई है । आम आदमी पार्टी ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना चाहिए तथा लंबित भुगतान में देरी नहीं करनी चाहिए।
पटवारियों की लगातार जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चिंता व्यक्त करते हुए पार्टी ने कहा कि इससे गिरदावरी एवं किसानों के पंजीयन का कार्य प्रभावित हो रहा है। यदि समय रहते इसका समाधान नहीं किया गया, तो आगामी धान खरीदी के दौरान किसानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। शासन को पटवारियों की वेतन विसंगति दूर करने तथा एफबी (FV) ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण करना चाहिए।
आम आदमी पार्टी ने पटवारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने के बजाय शासन द्वारा की जा रही दमनात्मक कार्रवाई का विरोध किया। पार्टी ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से किया जाना चाहिए, ताकि किसानों एवं आम जनता को इसका खामियाजा न भुगतना पड़े।

0 Comments